पीड़ित परिवार के घर पहुंचे अजय राय, आरोपितों को फांसी की सजा की मांग

अयोध्या, 06 फरवरी (हि.स.)। जनपद अयोध्या में दलित युवती की हुई जघन्य हत्या के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष-पूर्व मंत्री अजय राय गुरुवार को अयोध्या पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की एवं शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि बहुत ही दुखद घटना है, इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह बहुत कम है। बच्ची के साथ जिस तरीके से अमानवीय कृत्य किया गया हैं, वह बहुत ही दुखद है। इस दुःखद घटना से हम सभी लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि जिन आरोपियों ने ऐसी घटना को अंजाम दिया है उन लोगों को फांसी की सजा होनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इसके उपरान्त जनपद आयोध्या के ही सरियामा ग्राम सभा में दलित की पीट-पीट करके की गई निर्मम हत्या की घटना पर आज ही मृतक के पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर राय ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिजनाें को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के साथ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, जिला कांग्रेस कमेटी अयोध्या के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष रेनू राय, मोहम्मद आमिर, कृष्ण वर्मा के अलावा कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र नाथ राय

   

सम्बंधित खबर