सोनीपत, 17 मई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के के गांव पाई में पैसाें के लेनदेन में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस
ने शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में रविवार
को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव
पाई निवासी रोहित ने शिकायत में बताया कि शनिवार रात वह काम से घर लौट रहा था। रास्ते
में प्रवीन की परचून की दुकान है, जहां से वह उधार में सामान लेता था। उसके ऊपर करीब
एक हजार से डेढ़ हजार रुपये बकाया थे। रोहित के अनुसार, दुकानदार ने पैसे मांगे तो
उसने एक-दो दिन का समय मांगा। इसी बात पर गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख वह
वहां से अपने ताऊ के घर चला गया।
शिकायत
में कहा गया है कि कुछ देर बाद प्रवीन अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच
गया और जबरन घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। उस समय घर में रोहित की दादी, ताई, बड़ी
बहन और उसके पिता मौजूद थे। परिवार ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने हमला
जारी रखा। आरोप है कि प्रवीन ने रोहित के पिता की गर्दन पकड़कर उन्हें खंभे पर दे मारा।
टक्कर लगने के बाद वे नाले में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन
उन्हें तुरंत खरखौदा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 16 मई की रात डायल-112 पर दो कॉल मिली थीं। पहली कॉल में झगड़े की
सूचना और दूसरी में मारपीट की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायल को अस्पताल
ले जाया जा चुका था। अस्पताल से मौत की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने मौके से खून
के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए तथा ई-साक्ष्य एप से वीडियोग्राफी कराई गई। शव को पोस्टमार्टम
के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया। रविवार को रोहित की शिकायत पर पुलिस
ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------

