नक्सल-मुक्त छग के बस्तर में केंद्रीय गृह मंत्री शाह के आगमन से कांग्रेस को तकलीफ क्यों ? : भाजपा
- DSS Admin
- May 17, 2026
-भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा का कांग्रेस पर हमला - 'कांग्रेस का प्रलाप नक्सली-कांग्रेस भाईचारे का प्रमाण'
रायपुर। 17 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. विजय शंकर मिश्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही बयानबाजी की तीखी आलोचना की है। डॉ. मिश्रा ने रविवार काे एक बयान जारी कर कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है और आज बस्तर शांति, सुरक्षा और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बस्तर में शांति और विकास का वातावरण रास नहीं आ रहा है। भाजपा के अनुसार, दशकों तक हिंसा और भय के माहौल में जीने वाला बस्तर अब विकास, शिक्षा और रोजगार की ओर बढ़ रहा है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में नक्सलवाद को संरक्षण मिला, जबकि भाजपा सरकार ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचाने का काम किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि आज बस्तर के युवा यूपीएससी, मेडिकल शिक्षा, खेल और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बीजापुर जिले के अंकित की यूपीएससी में सफलता, “प्रयास” आवासीय विद्यालय, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और मुफ्त कोचिंग योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं तथा स्थानीय लोगों को सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, लकड़ी नक्काशी और लघु वनोपज प्रसंस्करण जैसे कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। जगदलपुर में युवाओं द्वारा संचालित “पण्डुम कैफे” और डिजिटल सेवाओं से जुड़े प्रयासों को भी उन्होंने बस्तर के बदलते स्वरूप का उदाहरण बताया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि अब बस्तर के युवा अपनी पारंपरिक संस्कृति, कला और जनजातीय विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बस्तर दौरा विकास कार्यों की समीक्षा और जनता का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से है, लेकिन कांग्रेस इसे लेकर अनावश्यक राजनीति कर रही है।
---------------

