अटारी में निजी अस्पताल पर एनसीबी की छापेमारी, नशीली गोलियों के साथ डॉक्टर गिरफ्तार

अमृतसर, 03 जून । नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अटारी कस्बे के एक निजी अस्पताल में छापेमारी कर डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान अस्पताल की केमिस्ट शॉप से करीब 800 नशीली गोलियां बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान डॉ. चनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

वहीं, एनसीबी ने डॉ. दिलप्रीत सिंह समेत दो अन्य व्यक्तियों को भी पूछताछ के लिए समन जारी कर एजेंसी के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए हैं।

एनसीबी को सूचना मिली थी कि अस्पताल से पिछले कई वर्षों से नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एनसीबी की टीम ने अस्पताल में छापेमारी की और मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध गोलियां बरामद कीं।

जांच के दौरान एजेंसी ने अस्पताल से पिछले 10 वर्षों के दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड भी मांगा है। अधिकारियों को आशंका है कि नियंत्रित दवाओं की बिक्री कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन कर की गई हो सकती है।

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।

बरामद की गई गोलियों को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है, जबकि अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। फिलहाल एनसीबी पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

-----

   

सम्बंधित खबर