ग्रीन बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट में नेक्स्ट जनरेशन रेड 8 विकेट से जीती
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
मुरादाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। ग्रीन बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट में नेक्स्ट जनरेशन रेड ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर एलीट इलेवन को आठ विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। अब्दुल समद की घातक गेंदबाजी के दम पर एलीट इलेवन की टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर सिमट गई। जवाब में नेक्स्ट जनरेशन ने 11.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 5 विकेट चटकाने वाले अब्दुल समद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि मंगलवार को नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए टूर्नामेंट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एलीट इलेवन की शुरुआत खराब रही। टीम की ओर से अमन ने सर्वाधिक 19 रन और माधव पाल ने 18 रन बनाए। आरव 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। नेक्स्ट जनरेशन रेड की ओर से अब्दुल समद ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में मात्र तीन रन देकर पांच विकेट झटके। अजहान खान, मोहम्मद रेयान, ध्रुव दुबे और अंशुमान ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेक्स्ट जेन रेड ने संयमित बल्लेबाजी की। अर्णव चौधरी ने नाबाद 25 रन की पारी खेली।
युवराज 17 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम ने 11.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। एलीट-11 की ओर से देवांग ने एक विकेट लिया। वहीं पांच विकेट चटकाने पर अब्दुल समद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

