पूसीरे ने जनवरी में 1262 माल रेक अनलोड किए 

गुवाहाटी, 16 फरवरी (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अपने क्षेत्राधिकार के अधीन विभिन्न राज्यों के हर कोने में आवश्यक और अति आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए जनवरी, 2025 में 1262 माल रेकों की सफलतापूर्वक अनलोडिंग की है। यह वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान एक ही महीने में अनलोड रेक की सर्वाधिक संख्या थी, जिससे जनवरी 2025 के अंत तक अनलोड किए गए रेकों की कुल संख्या 10,666 हो गई।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को बताया है कि पूसीरे ने उक्त महीने के दौरान आवश्यक वस्तुओं जैसे एफसीआई चावल, चीनी, नमक, खाद्य तेल, अनाज, उर्वरक, टैंक, कोयला और अन्य सामानों का परिवहन किया और उसे अपने क्षेत्राधिकार के विभिन्न गुड्स शेडों में अनलोड किया। जनवरी, 2025 के दौरान असम में मालगाड़ियों के कुल 673 रेक अनलोड किए गए, जिनमें 296 आवश्यक सामग्रियों से लोड थे। त्रिपुरा में 111 रेक, नगालैंड में 18 रेक, अरुणाचल प्रदेश में 11 रेक, मणिपुर में 08 रेक और मिजोरम में 09 रेक उक्त महीने के दौरान अनलोड किए गए। इसके अलावा, जनवरी 2025 में ही पूसीरे के क्षेत्राधिकार के अधीन पश्चिम बंगाल में 230 माल रेक और बिहार में 202 माल रेक अनलोड किए गए।

महत्वपूर्ण सेक्शनों के दोहरीकरण कार्यों के तेज निष्पादन, उन्नत टर्मिनल हैंडलिंग सुविधाओं ने माल परिवहन के आवक और जावक की गतिविधियों में बढ़ोतरी प्रदान की है। सभी स्तरों पर निरंतर निगरानी से भी टर्नअराउंड समय में कमी और अनलोडिंग दक्षता में वृद्धि हुई है। परिणामस्वरूप आवश्यक एवं अन्य सामग्रियों की गतिविधियों और माल अनलोडिंग में वृद्धि हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर