आपदा के समय भी राजनीति कर रही नेशनल कॉन्फ्रेंस: सत शर्मा

जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) पर प्राकृतिक आपदा के दौरान भी राजनीतिक मुद्दों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। त्रिकुटा नगर स्थित शक्ति केंद्र में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजौरी और पुंछ में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से लोग गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन नेशनल कॉन्फ्रेंस राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) जैसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने में लगी हुई है। सत शर्मा ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भाजपा ने श्रीनगर के लाल चौक में प्रस्तावित सचिवालय घेराव मार्च सहित जम्मू-कश्मीर के अन्य विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह मानवीय आधार पर लिया गया है ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा राजनीति से ऊपर जनहित को प्राथमिकता देती है और वर्तमान समय में पार्टी का मुख्य उद्देश्य प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना है। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस से भी राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की। साथ ही बताया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे और पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। बैठक में सत शर्मा ने आगामी 'मन की बात' कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ स्तर पर सफल बनाने, संगठन को और मजबूत करने तथा पार्टी गतिविधियों की डिजिटल रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा महाजन ने कार्यकर्ताओं से राहत कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक चौधरी विक्रम रंधावा ने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भावनात्मक नारों का सहारा ले रही है। बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष नितीश महाजन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

   

सम्बंधित खबर