राष्ट्रीय खेल हॉकी : महिला वर्ग में झारखंड शीर्ष पर कायम, पुरुषों में पंजाब की रोमांचक जीत

देहरादून, 7 फ़रवरी (हि.स.)। 38वें राष्ट्रीय खेलों में बुधवार को महिला और पुरुष हॉकी के रोमांचक मुकाबले खेले गए। महिला हॉकी में झारखंड और महाराष्ट्र के बीच कड़ा मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे झारखंड ने पूल बी में शीर्ष स्थान बनाए रखा। वहीं, मेजबान उत्तराखंड को मिजोरम के खिलाफ 0-4 से करारी हार का सामना करना पड़ा। मिजोरम के लिए मारिना लालरामंघाकी (27’), लालनइपुई (43’, 45’) और लालथांतलुआंगी (58’) ने गोल किए।

पूल ए के मुकाबले में ओडिशा ने कर्नाटक को 4-1 से हराया। ओडिशा की कप्तान जीवन किशोरी टोप्पो ने (7’, 19’) शानदार प्रदर्शन किया, जबकि रश्मिता मिंज (39’) और एक्का प्रतिभा (42’) ने भी गोल दागे। कर्नाटक के लिए एकमात्र गोल अंजलि एच.आर. ने 55वें मिनट में किया।

पुरुष हॉकी: पंजाब ने मध्य प्रदेश को 4-3 से हराया

पुरुष हॉकी में उत्तर प्रदेश ने हरियाणा को 2-1 से मात दी। यूपी के लिए 19वें मिनट में अरुण साहनी ने पहला गोल किया, लेकिन 29वें मिनट में हरियाणा के मंदीप मोर ने स्कोर बराबर कर दिया। 43वें मिनट में शारदानंद तिवारी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर यूपी को जीत दिलाई।

दिन के दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड और तमिलनाडु के बीच 1-1 की बराबरी रही। उत्तराखंड के सूरज कुमार ने 33वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से गोल किया, लेकिन तमिलनाडु के बी.पी. सोमन्ना ने 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से स्कोर बराबर कर दिया।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला पंजाब और मध्य प्रदेश के बीच हुआ, जिसमें पंजाब ने 4-3 से जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश के जमीर मोहम्मद ने (4’, 18’) दो गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन पंजाब के रवनीत सिंह (9’) और प्रदीप सिंह (20’, 23’, 51’) के शानदार प्रदर्शन से टीम ने मुकाबला जीत लिया। प्रदीप सिंह ने निर्णायक गोल कर अपनी हैट्रिक भी पूरी की।

मैच परिणाम:

महिला हॉकी:

झारखंड 0-0 महाराष्ट्र

उत्तराखंड 0-4 मिजोरम

ओडिशा 4-1 कर्नाटक

पुरुष हॉकी:

उत्तर प्रदेश 2-1 हरियाणा

उत्तराखंड 1-1 तमिलनाडु

पंजाब 4-3 मध्य प्रदेश

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

   

सम्बंधित खबर