राष्ट्रीय खेल: हरिद्वार में हॉकी के दिग्गजों के बीच  टक्कर 4 फरवरी से

देहरादून, 3 फ़रवरी (हि.स.)। 38वें राष्ट्रीय खेल के हॉकी मुकाबले 4 फरवरी से 13 फरवरी तक हरिद्वार के वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में 10-10 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है।

पुरुष हॉकी

पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में पूल ए में कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, ओडिशा और पंजाब की टीमें शामिल हैं। वहीं, पूल बी में उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश की टीमें खेलेंगी।

महिला हॉकी

महिला हॉकी में पूल ए में हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की टीमें हैं। जबकि पूल बी में मेजबान उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम की टीमें शामिल हैं।

4 फरवरी को महिला हॉकी प्रतियोगिता का पहला मैच मध्य प्रदेश और कर्नाटक के बीच खेला जाएगा। वहीं, पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश और मणिपुर की टीमें आमने-सामने होंगी।

सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले

हर टीम ग्रुप स्टेज में चार मैच खेलेगी और प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 12 फरवरी को होंगे, और 13 फरवरी को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण और कांस्य पदक के लिए फाइनल मैच खेले जाएंगे।

पिछली बार के विजेता

पुरुष हॉकी में हरियाणा गत चैंपियन है, जिसने पिछले फाइनल में कर्नाटक को 5-3 से हराया था और स्वर्ण पदक जीता था। कर्नाटक ने रजत पदक हासिल किया था। कांस्य पदक के लिए उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा था, लेकिन उत्तर प्रदेश ने शूटआउट में 3-1 से जीतकर कांस्य पदक जीता था।

महिला हॉकी में मध्य प्रदेश ने हरियाणा को फाइनल में कड़े मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक जीता था। मैच निर्धारित समय में बराबरी पर छूटा था और शूटआउट में मध्य प्रदेश ने हरियाणा को 3-0 से मात दी थी। वहीं, झारखंड ने पंजाब को हराकर कांस्य पदक जीता था।

राष्ट्रीय खेल में इस बार भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है, जहां देश के दिग्गज हॉकी खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

   

सम्बंधित खबर