नवविवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत

डेहरी आन सोन,15 मार्च (हि.स.)।

रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजानपुर गांव में एक नवविवाहिता महिला की मौत का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। शादी के एक महीने बाद हीं महिला की मौत ने सभी को हैरान कर दिया।

मायके वाले ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस के अनुसार संझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिअरुआं गांव के संतोष सिंह की पुत्री प्रिया सिंह उर्फ वसुंधरा कमारी (27 वर्ष )की विगत सात फरवरी को हीं दिनारा थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव निवासी विजय बहादुर सिंह के पुत्र विवेक सिंह से शादी हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद जब वह वापस मायके आई तो ससुराल वालों ने होली में आग्रह करते हुए ससुराल बुला लिया।

प्रिया 12 मार्च को मयके से ससुराल आई थी लेकिन होलिका दहन की रात यानी13 मार्च को हीं नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति विवेक सिंह रूस के मास्को में नौकरी करते हैं तथा होली में वे घर आए हुए थे।

ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

नवविवाहिता की मौत पर मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई सुमित कुमार के बयान पर पति विवेक सिंह,सास बिंदा देवी, ससुर विजय बहादुर सिंह एवं देवर विशाल कुमार को अभियुक्त बनाया है। प्राथमिक में ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों को ससुराल पक्ष के लोग पूरी तरह नकार रहे हैं और उनका कहना है कि प्रिया ने पारिवारिक विवाद में खुद हीं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

दिनारा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज रही थी। इसी बीच आक्रोशित मायके वालों ने शव को लेकर सासाराम भाग गए और सासाराम पोस्ट ऑफिस चौराहा पर शव रखकर आज प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर के पुरानी जीटी रोड को पूरी तरह जाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।

सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे सदर एसडीएम आशुतोष रंजन, सदर डीएसपी दिलीप कुमार सहित नगर थाने की पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से दूर हटाया। जिसके बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका।

थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति विवेक सिंह, ससुर विजय बहादुर सिंह एवं सास विंदा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा पुलिस कई एंगल से पूरे मामले को बारीकी से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

   

सम्बंधित खबर