बहुतकनीकी कालेज के सभागार में होगा प्रधानों-उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
हमीरपुर, 11 जून (हि.स.)। जिला हमीरपुर की सभी 242 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह 15 जून को बहुतकनीकी कालेज बड़ू के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा करेंगे। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को जिला के अधिकारियों के साथ बैठक करके इस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कहा कि इस समारोह में कुल 484 प्रधानों-उपप्रधानों के अलावा बड़ी संख्या में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इसलिए, आयोजन स्थल पर सभी के बैठने की व्यवस्था के अलावा भोजन, पेयजल, शौचालय, वाहनों की पार्किंग और अन्य सुविधाओं के लिए भी पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए। सभागार में सभी 6 विकास खंडों के जनप्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे। उपायुक्त ने प्रत्येक ब्लॉक के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए, ताकि सभी जनप्रतिनिधियों के पंजीकरण के साथ-साथ सर्टिफिकेट एवं किट वितरण तथा शपथ की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूर्ण किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि प्रधानों-उपप्रधानों को आयोजन स्थल पर पहुंचाने के लिए जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय और सभी बीडीओ कार्यालय आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों के लिए अगर बसों की आवश्यकता है तो उसकी डिमांड तुरंत भेजें। सभी पंचायत प्रधानों-उपप्रधानों को 11 बजे तक सभागार में बिठाना सुनिश्चित करें, ताकि शपथ ग्रहण समारोह को निर्धारित समय पर आरंभ किया जा सके। बड़ू में वाहनों की पार्किंग, यातायात, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
---------------

