हिसार : मां सरस्वती की आराधना करके वृद्धाश्रम में मनाया बसंत पंचमी उत्सव
- Admin Admin
- Feb 02, 2025
मोक्ष वृद्धाश्रम में बसंत पंचमी उत्सव व माता
पंकज संधीर का जन्मदिन एकसाथ मनाए
हिसार, 2 फरवरी (हि.स.)। सेवार्थ भाव से बुजुर्गों
की देखभाल व चिकित्सा में जुटे मोक्ष वृद्धाश्रम में बसंत पंचमी उत्सव धूमधाम से मनाया
गया। इस अवसर पर मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष नतमस्तक होकर पूजा व आराधना की गई।
इस दौरान मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक समाजसेवी
माता पंकज संधीर का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया। बसंत पंचमी उत्सव के लिए मोक्ष
वृद्धाश्रम को लडिय़ों से सजाया गया और आश्रम से जुड़े सदस्यों ने पीले पटके पहनकर बसंती
बयार का परिचय दिया। इस दौरान पीले व्यंजनों का वितरण भी किया गया।
मोक्ष वृद्धाश्रम की संरक्षक समाजसेवी माता पंकज
संधीर व प्रधान विजय भृगु ने सभी बुजुर्गों व स्टाफ सदस्यों को बसंत पंचमी की बधाई
देते हुए कहा कि विद्या व ज्ञान की देवी मां सरस्वती की सभी पर अनुकंपा बनी रहे। उन्होंने
कहा कि सभी स्वस्थ रहकर शालीन जिंदगी व्यतीत करें यही कामना है।
इसी कड़ी में बसंत पंचमी उत्सव का आयोजन किया
गया। उन्होंने कहा कि मोक्ष वृद्धाश्रम में महिलाओं के लिए मंदबुद्धि आश्रम का संचालन
भी किया जा रहा है। यहां पर मंदबुद्धि महिलाओं का रहना, खाना व इलाज निशुल्क किया जाता
है। उन्होंने बताया कि मोक्ष वृद्धाश्रम व मंदबुद्धि महिला आश्रम के संचालन में समाज
के विभिन्न वर्गों का विशेष योगदान रहता है। बहुत से परिवार जन्मदिन, सालगिरह या त्योहार
यहां आश्रम में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ मिलकर मनाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर