हिसार : काजला खाप ने किया अंतरजातीय विवाह का समर्थन

राष्ट्रीय सम्मेलन में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का लिया निर्णयहिसार, 2 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय काजला खाप ने जाति-पाति के कलंक को मिटाने के लिए अंतरजातीय विवाह का समर्थन किया है। इसके साथ ही खाप ने समगोत्र, समगांव व गोहांड में विवाह का जोरदार विरोध करते हुए सरकार से हिंदू मैरिज एक्ट 1955 में संशोधन करके ऐसी शादियों को प्रतिबंधित करने की मांग की है। यह निर्णय रविवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित खाप 12वें राष्ट्रीय सम्मेलन में लिया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन रामपाल काजला ने की। सम्मेलन में खाप के राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। मंच संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता महेंद्र सिंह काजला ने किया। सम्मेलन का आयोजन खाप के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष राजबीर काजला की देखरेख में किया गया।सम्मेलन में नशाखोरी, दहेज, महिला उत्पीड़न व हर्ष फायरिंग जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरुकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया और इसके लिए पदाधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई। सम्मेलन में सर्वसम्मति से विवाह दिन में करने, बारात छोटी रखने व जन्मदिवस जैसे अन्य दिवस सादगी से मनाने तथा बच्चों की शिक्षा पर अधिक ध्यान देने के निर्णय भी लिए गए। राष्ट्रीय भावना व देश प्रेम बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों जैसे रक्तदान व मृत्यु उपरांत अंगदान करने का आह्वान भी किया गया। सम्मेलन में खाप का चबूतरा व भवन निर्माण के लिए उचित स्थान व भूमि की तलाश के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष व राष्ट्रीय संरक्षक को अधिकृत किया गया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन रामपाल काजला व राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला ने कहा कि खाप को मॉडल खाप बनाने के लिए सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। सामाजिक सरोकारों में भाग लें, अनुशासन में रहते हुए एकता बनाए रखें व खाप के निर्णयों पर अमल करें। सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयपाल, प्रवक्ता महेंद्र सिंह, मान सिंह काजला, मांगेराम काजला, राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष प्रमेंद्र, दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण काजला, यूपी के श्यामवीर काजला, हरियाणा के राजबीर काजला, रतन सिंह काजला, सतपाल काजला, सतविंदर सिंह, कमल काजल सरपंच व जगतार सिंह चार प्रदेशों के सैकड़ों काजला बंधु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर