प्रधानमंत्री ने भारतीय तटरक्षक बल के स्थापना दिवस पर उनकी अनुकरणीय सेवा की सराहना की
- Admin Admin
- Feb 01, 2025
नई दिल्ली, 1 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के 49वें स्थापना दिवस के अवसर पर विशाल समुद्र तट की सुरक्षा में उनकी वीरता, निष्ठा और निरंतर निगरानी के लिए बल की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि समुद्री सुरक्षा से लेकर आपदा प्रतिक्रिया तक, तस्करी विरोधी अभियानों से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक, भारतीय तटरक्षक बल हमारे समुद्रों का एक दुर्जेय रक्षक है, जो हमारे जल और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
प्रधानमंत्री ने भारतीय टकरक्षक बल के जहाजों की तस्वीरें एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “आज भारतीय तटरक्षक बल के स्थापना दिवस पर हम बल की वीरता, निष्ठा और अथक निगरानी के साथ हमारे विशाल समुद्र तट की सुरक्षा के लिए सराहना करते हैं। समुद्री सुरक्षा से लेकर आपदा प्रतिक्रिया तक, तस्करी विरोधी अभियानों से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक, भारतीय तटरक्षक बल हमारे समुद्रों का एक दुर्जेय संरक्षक है, जो हमारे जल और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।”
उल्लेखनीय है कि भारतीय तटरक्षक बल 1977 में अपनी स्थापना के बाद से अब एक मज़बूत ताकत बन गया है। वह अब 151 जहाज़ और 76 विमान संचालित करता है। आईसीजी वयं रक्षामः (हम रक्षा करते हैं) के आदर्श वाक्य के तहत काम करता है, जो भारत के समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा के अपने मिशन को उजागर करता है। पिछले कुछ वर्षों में, आईसीजी ने 11,730 से अधिक लोगों की जान बचाई है, जिसमें पिछले साल ही 169 लोगों की जान बचाई गई। यह प्रभावशाली उपलब्धि औसतन हर दूसरे दिन एक जान बचाने के बराबर है। आईसीजी के प्रयास भारत के विशाल 4.6 मिलियन वर्ग किलोमीटर के खोज और बचाव क्षेत्र को कवर करते हैं, जो इन जल क्षेत्रों में खतरे में पड़े नाविकों, मछुआरों और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार