हर घर तक स्वच्छ और बेहतर पेयजल पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी
- DSS Admin
- May 13, 2026
प्रयागराज, 13 मई (हि.स.)। नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है और इसी दिशा में जल संरचनाओं के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह बातें बुधवार को जलकल विभाग द्वारा शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में वार्ड संख्या-44 कर्बला एवं वार्ड संख्या-74 भावापुर स्थित ओवरहेड टैंकों के जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद लोकार्पण के मौके पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए पुराने जलस्रोतों, ओवरहेड टैंकों एवं पाइपलाइन नेटवर्क के सुधार और पुनर्निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ जल संरचना से शहरवासियों को निर्बाध एवं बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
नगर निगम जलकल विभाग द्वारा किए गए जीर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत ओवरहेड टैंकों की संरचनात्मक मरम्मत, पाइपलाइन प्रणाली में सुधार तथा जल भंडारण क्षमता को सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्य कराए गए हैं। लंबे समय से उपयोग में रहे इन टैंकों के नवीनीकरण से संबंधित क्षेत्रों में अब जलापूर्ति व्यवस्था अधिक प्रभावी और नियमित हो सकेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद दिग्विजय कुशवाहा, जहाँ आरा, मोहम्मद आज़म, विजय सिंह, अपूर्व चंद्रा, आशीष द्विवेदी, विनय मिश्रा, मुकेश लारा, भोला तिवारी, हिमालय सोनकर, महाप्रबंधक जलकल कुमार गौरव, अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ओवरहेड टैंकों के जीर्णोद्धार से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा और आमजन को राहत मिलेगी।
---------------

