नवादा, 17 जून (हि.स.)। जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सुदनपुर गांव में एक युवक के साथ बुधवार को अमानवीय व्यवहार किया गयाहै। आरोप है कि युवक का सिर मुंडवाया, चेहरे पर कालिख पोती, थूक चटाया और गांव में घुमाते हुए मारपीट की।
मामले में पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित सुदनपुर निवासी मो. नईम के पुत्र शहनवाज ने पकरीबरावां थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वह अपने घर में सोया हुआ था।
इस दौरान करीब 30 की संख्या में लोग उसके घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। हो- हल्ला करने एवं आस पास के लोगों के विरोध करने पर जबरन पकड़कर गांव के मरहूम इजहार के घर ले गए। वहां लोगों ने जबरन वीडियो बनाया और दबाव बनाया कि एक लाख रुपए दो नहीं तो चोरी के आरोप में फंसा देंगे। नहीं कबूल करने पर सिर मुंडवा दिया गया, चेहरे पर कालिख पोती गई और थूक चटाया गया।
आरोप लगाया है कि मारपीट करते हुए गांव घुमाया। इस मामले में पीड़ित के लिखित आवेदन पर 14 नामजद एवं 20-25 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। इधर, पकरीबरावां थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर पकरीबरावां थाना कांड संख्या 242/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जो भी कानून का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
---------------

