कॉलेज की मांग को लेकर पंचैरी पूरी तरह रहा बंद
- Rahul Sharma
- Aug 26, 2026
उधमपुर। स्टेट समाचार
पंचैरी में कॉलेज खोलने की मांग को लेकर बुधवार को पंचैरी पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठान व शिक्षा संस्थान पूरी तरह बंद रहे।
इस दौरान व्यापार मंडल पंचैरी व पंचैरी के अन्य संगठनों, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल थे, ने पंचैरी क्षेत्र में जोरदार रोष रैली निकाली, जो विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस अवसर पर जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पंचैरी में कॉलेज खोलने की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन उनकी मांग की लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे उनके बच्चों, खासकर बच्चियों को कॉलेज की शिक्षा प्राप्त करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है तथा उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए उधमपुर या फिर अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सभी परिवार अपने बच्चों को इतनी दूर शिक्षा ग्रहण करने के लिए नहीं भेज सकते। इसलिए कई परिवारों की बच्चियों को बीच में ही शिक्षा छोडऩे को मजबूर होना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस मांग को पूर्व व वर्तमान विधायकों व सरकार के समक्ष लगातार उठाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे उन्हें अब इस प्रकार का कदम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।

