पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

दरभंगा, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया तथा संगठन की8 विचारधारा, कार्यपद्धति और समसामयिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अष्टम सत्र में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने विचार परिवार विषय पर संबोधित करते हुए संगठन की वैचारिक शक्ति, राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका तथा कार्यकर्ताओं के दायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मजबूत विचारधारा ही किसी संगठन की स्थायी शक्ति होती है और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए।

नवम सत्र में भाजपा प्रशिक्षण विभाग के सदस्य आशीष झा ने सोशल मीडिया, मीडिया, नई तकनीक, प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के लिए सकारात्मक जनधारणा निर्माण विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल युग में तकनीक के प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

दसवें सत्र में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री हरि सहनी ने देश के समक्ष उपस्थित चुनौतियों, राजनीतिक परिस्थितियों तथा सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं को समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ग्यारहवें सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने संगठन की कार्यशैली, अनुशासन एवं कार्यकर्ता आधारित राजनीति की विशेषताओं पर चर्चा की। वहीं बारहवें सत्र में दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने संगठन और सरकार में समन्वय तथा कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को जनसेवा के माध्यम से संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।

समापन सत्र में बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने जिज्ञासा समाधान, कार्यकर्ता विकास, गुण, आचरण एवं अपेक्षाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए प्रशिक्षण महाभियान का औपचारिक समापन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का वाहक होता है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण भी किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने सभी प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण महाभियान संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मंच संचालन करते हुए भाजपा दरभंगा पूर्वी जिला के महामंत्री संजय सिंह एवं पप्पू सिंह ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराते हैं तथा संगठनात्मक क्षमता को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर