सेंट्रल पर दिल्ली जाने वाले घंटों रहे परेशान,यात्रियों ने एक्स पर रेल मंत्री को ट्वीट करके बताई हकीकत
- Admin Admin
- Feb 17, 2025

कानपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। प्रयागराज में महाकुम्भ के चलते रविवार को प्रयागराज स्टेशन पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देख रेलवे प्रशासन ने प्लेटफार्म खाली कराने के चक्कर में यात्रियों को दिल्ली की जगह कानपुर की ट्रेन में बैठा दिया गया और ट्रेन लगभग आठ घंटे बाद कानपुर सेंट्रल आई तो यहीं पर टर्मिनेट हो गई। इससे यात्रियों में काफ़ी रोष देखने को मिला। यात्रियों ने एक्स प्लेटफार्म के ज़रिये रेल मंत्री को यात्रियों के साथ धोखाधड़ी का ट्वीट भी किया।
ट्रेन में सफर कर रहे दिल्ली जाने को सवार क्रांति कुमार ने एक्स पर ट्वीट करके रेल मंत्री को बताया कि इस तरह की धोखाधड़ी यात्रियों के साथ छलावा है। करोलबाग निवासी माया कश्यप व सरोजनी ने बताया कि उन्हें प्रयागराज से दिल्ली जाना था तो प्रयागराज स्टेशन पर रविवार की रात 3 बजे चली स्पेशल ट्रेन में यह कहकर बिठाया गया कि यह ट्रेन दिल्ली जाएगी पर यह ट्रेन सात-आठ घंटे बाद कानपुर आई तो यहीं पर टर्मिनेट हो गई। आधे घंटे बाद एनाउंस हुआ कि यह ट्रेन आगे नहीं जाएगी। सभी यात्री उतरे तो तीन घंटे बाद दूसरी ट्रेन से गए।
सीटीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि महाकुम्भ में भीड़ होने कारण यात्रियों को थोड़ी असुविधा हुई हैं। लेकिन जानकारी मिलते ही त्वरित उनकी समस्या का समाधान करवाया गया हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद