जूनियर अंडर-23 एशियन स्लॉलम चैम्पियनशिप 2025 रियांग थाईलैण्ड में मप्र के खिलाड़ियों ने जीते छह पदक

भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। थाईलैंड के रियांग में 17 से 12 मार्च तक आयोजित जूनियर अंडर-23 एशियन स्लॉलम चैम्पियनशिप 2025 में मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने छह पदक अर्जित किए। इनमें 03 रजत और 03 कांस्य पदक शामिल है। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मप्र के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित पदक पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

इस संबंध में खेल विभाग देख रहे जनसम्पर्क अधिकारी विकास खराड़कर ने बुधवार को जानकारी देते हुए जूनियर अंडर-23 एशियन स्लॉलम चैम्पियनशिप में के-1 जूनियर टीम इवेन्ट महिला में भारती केवट और पल्लवी जगताप ने रजत पदक, के-1 जूनियर टीम इवेन्ट पुरूष में लकी वर्मा और भारत विश्वकर्मा की टीम ने रजत पदक और सी-1 जूनियर महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में पल्लवी जगताप ने रजत पदक अर्जित किया। इसी प्रकार, सी-1 अन्डर 23 महिला टीम इवेन्ट में पल्लवी जगताप और शिखा चौहान की टीम ने कांस्य पदक, सी-1 जूनियर टीम इवेन्ट पुरूष वर्ग में सुमित वर्मा, लकी वर्मा और राधेश यादव की टीम ने कांस्य पदक और क्याक क्रॉस जूनियर वूमेन व्यक्तिगत स्पर्धा में भारती केवट ने कांस्य पदक अर्जित किया।

उल्लेखनीय है कि स्लॉलम खेल अकादमी महेश्वर में संचालित है। सभी खिलाड़ी मुख्य प्रशिक्षक देवेन्द्र गुप्ता, सहायक प्रशिक्षक चम्पा मौर्या के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत् है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

   

सम्बंधित खबर