पीएम स्वनिधि योजना: नगर निगम जयपुर में 1 जून से तीन दिवसीय ऋण वितरण शिविर
- DSS Admin
- May 30, 2026
जयपुर, 30 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को द्वितीय ऋण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम जयपुर और यस बैंक के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 1 जून से 3 जून 2026 तक नगर निगम मुख्यालय के गेट नंबर-2 (दक्षिण द्वार) स्थित हॉल में आयोजित होगा।
उपायुक्त (डीई-एनयूएलएम) श्याम जांगिड़ ने बताया कि शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देते हुए द्वितीय ऋण किस्त स्वीकृत एवं वितरित की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
पीएम स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को किफायती दरों पर कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराकर उनके स्वरोजगार को मजबूत करना है। योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
योजना के अनुसार प्रथम ऋण के रूप में 15 हजार रुपए, द्वितीय ऋण के रूप में 25 हजार रुपए तथा तृतीय ऋण के रूप में 50 हजार रुपए तक की राशि प्रदान की जाती है। द्वितीय ऋण प्राप्त करने के लिए प्रथम ऋण का समय पर भुगतान करना अनिवार्य है, जबकि तृतीय ऋण के लिए द्वितीय ऋण की किश्तों का नियमित भुगतान आवश्यक होता है।
योजना के तहत ऋण की किस्तों का नियमित और समय पर भुगतान करने वाले लाभार्थियों को ब्याज सब्सिडी का लाभ भी दिया जाता है।
इससे स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके व्यवसाय के विस्तार में मदद मिलती है।
नगर निगम प्रशासन ने पात्र लाभार्थियों से निर्धारित तिथियों में शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ योजना का लाभ लेने का आग्रह किया है।
---------------

