40 लाख की आभूषण लूट कांड का आरोपी एनकाउंटर में घायल, दोनों घुटनों में लगी गोली
- DSS Admin
- May 18, 2026
सीवान, 18 मई (हि.स.)। जिले में चर्चित जीरादेई थाने के जामापुर आभूषण दुकान लूटकांड के एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार अहले सुबह मुठभेड़ में घायल कर दिया।
घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो श्रीनिवास सिंह का पुत्र है. अंकित सिंह 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र में हुई करीब 40 लाख रुपये की आभूषण लूटकांड में शामिल बताया जा रहा है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लगी. हालांकि पूरे मामले पर पुलिस फिलहाल आधिकारिक रूप से खुलकर कुछ भी बोलने से बच रही है. घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया. इससे पहले लूटकांड के बाद एसपी पूरण कुमार झा के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया था.
पुलिस ने पहले गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर कई आरोपियों को दबोचा था और उनके पास से लूटे गए आभूषण व हथियार बरामद करने का दावा किया था.
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई. डॉक्टरों के अनुसार गोली आर-पार हो चुकी है और आरोपी की स्थिति फिलहाल स्थिर है. ---------------

