पैलान में तृणमूल विधायक दिलीप मंडल के घर पुलिस की छापेमारी, भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप
- DSS Admin
- May 15, 2026
दक्षिण 24 परगना, 15 मई (हि. स.)। जिले के विष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस विधायक दिलीप मंडल पर भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी देने के आरोप के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को राज्य पुलिस की एक टीम केंद्रीय बल के जवानों के साथ पैलान स्थित विधायक के आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने और धमकी देने के आरोपों की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले इलाके में तृणमूल कांग्रेस की विजय रैली निकाली गई थी। आरोप है कि रैली के बाद विधायक ने विपक्षी कार्यकर्ताओं को लेकर धमकी भरी टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस विधायक के घर पहुंची।
हालांकि, विधायक के करीबी लोगों का दावा है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कई आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट किए जा रहे थे, जिससे नाराज होकर उन्होंने वह बयान दिया था।
उल्लेखनीय है कि विधायक ने बुधवार को ही विधानसभा में शपथ ली थी।
इधर, पैलान स्थित दिलीप मंडल के आलीशान घर को लेकर भी इलाके में चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का दावा है कि स्विमिंग पूल, बड़ा बगीचा और झूले जैसी सुविधाओं से सुसज्जित यह घर बाहर से किसी रिसॉर्ट जैसा दिखाई देता है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और संबंधित शिकायतों की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------

