सूरत में भारी बारिश की आशंका,एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम ओलपाड में तैनात
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
सूरत, 05 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के सूरत जिले में मौसम विभाग की आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाढ़, जलभराव या अन्य प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 'रूबी' रेस्क्यू डॉग सहित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की विशेष टीम को ओलपाड में तैनात किया गया है।
वडोदरा बटालियन-6 की इस टीम को सूरत जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में स्टैंडबाय पर रखा गया है। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर टीम को तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में रवाना किया जाएगा। एनडीआरएफ की इस विशेष टीम में कुल 30 प्रशिक्षित जवान शामिल हैं, जिनमें दो महिला रेस्क्यू कर्मी भी हैं। टीम के साथ 'रूबी' नाम का विशेष रूप से प्रशिक्षित रेस्क्यू डॉग भी तैनात है। रूबी मलबे, जलभराव वाले इलाकों और कठिन स्थानों पर फंसे लोगों की तलाश करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे बचाव अभियान अधिक तेज और प्रभावी बनता है।
टीम के पास रबर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, कटर मशीन सहित सभी आधुनिक बचाव उपकरण उपलब्ध हैं। इन संसाधनों की मदद से बाढ़ या जलभराव में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई तेजी से की जा सकेगी। जिला प्रशासन ने बारिश की स्थिति को देखते हुए विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय भी मजबूत किया है। मौसम विभाग की लगातार निगरानी के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में देरी न हो।
एनडीआरएफ के निरीक्षक आर.पी. भाटी ने बताया कि बारिश के मौसम में उनकी टीम पूरी तरह सतर्क रहती है और किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित एवं सक्षम है। उन्होंने कहा कि यदि भारी बारिश, बाढ़ या अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो टीम तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू करेगी। लोगों की जान बचाना और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षक भाटी ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन तथा मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। उन्होंने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने, जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन से संपर्क करने की भी अपील की।
गौरतलब है कि सूरत जिले के कई इलाकों में हर वर्ष मानसून के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। ऐसे में एनडीआरएफ की अग्रिम तैनाती और प्रशासन की तैयारियों से किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद मिलेगी।
---------------

