दत्ताबाद स्वर्ण कारोबारी हत्याकांड का आरोपित बीडीओ प्रशांत बर्मन गिरफ्तार, नशे में एक और शख्स को मारी टक्कर

कोलकाता, 26 मई (हि. स.)। उत्तर बंगाल के राजगंज के निलंबित बीडीओ प्रशांत बर्मन को कोलकाता के न्यूटाउन इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर नशे की हालत में वाहन चलाने और एक राहगीर को टक्कर मारने का आरोप लगा है। घटना सोमवार रात इकोपार्क थाना क्षेत्र में हुई। फिलहाल उन्हें इकोपार्क थाने में रखा गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रशांत बर्मन कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। आरोप है कि उनकी कार ने पहले एक राहगीर को टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद वह व्यक्ति पास में खड़े एक स्कूटर सवार पर जा गिरा। हादसे में राहगीर के पैर में चोट आई है।

घटना के बाद स्कूटर सवार ने प्रशांत बर्मन की गाड़ी रोक ली। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ। एक्स पर घटना का एक वीडियो भी तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें प्रशांत बर्मन को कथित तौर पर धमकी देते हुए सुना जा सकता है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को न्यूटाउन के यात्रागाछी इलाके में खाल किनारे से सॉल्टलेक के दत्ताबाद निवासी स्वर्ण व्यवसायी स्वपन कामिल्या का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि उनका अपहरण कर हत्या की गई थी। इस मामले में प्रशांत बर्मन का नाम सामने आया था।

हत्या मामले में प्रशांत बर्मन को बारासात और विधाननगर महकमा अदालत से अग्रिम जमानत मिली थी। बाद में विधाननगर पुलिस ने उस जमानत को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया। उच्च न्यायालय ने अग्रिम जमानत रद्द करते हुए उन्हें 22 दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। आदेश का पालन नहीं करने पर विधाननगर अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

इसके बाद प्रशांत बर्मन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने उन्हें 23 जनवरी तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। तब से वह फरार बताए जा रहे थे।

   

सम्बंधित खबर