सेवानिवृत्ति से पूर्व ही होगा दस्तावेजों का निपटारा : कोटा मंडल में प्री–रिटायरमेंट प्रोग्राम का सत्र संपन्न
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
काेटा, 17 जून (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल द्वारा रेलकर्मियों की सेवानिवृत्ति को सहज, सम्मानजनक और परेशानीमुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए प्री–रिटायरमेंट प्रोग्राम का तीसरा सत्र मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, कोटा में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने वाला कोटा मंडल भारतीय रेलवे का पहला मंडल है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस सत्र में दो पालियों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रथम पाली में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले 14 रेलकर्मी उपस्थित रहे जबकि द्वितीय पाली में अगस्त 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले 13 रेलकर्मी सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 27 कर्मचारियों के दस्तावेजों की जाँच एवं निपटारा एक ही दिन में सुनिश्चित किया गया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा के नेतृत्व में संचालित इस कार्यक्रम में प्रत्येक कर्मचारी के साथ वेतन लिपिक, एचआरएमएस डीलर, सर्विस शीट डीलर, निपटारा डीलर एवं कल्याण निरीक्षक एक साथ उपस्थित रहे। कर्मचारी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, वेतन निर्धारण, छुट्टी खाता एवं पति/पत्नी के दस्तावेजों की जाँच उसी दिन की गई तथा कोई त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधार किया गया।
इस अवसर पर लेखा विभाग के अधिकारियों के अतिरिक्त सहायक कार्मिक अधिकारी श्री विद्या भूषण भारती, मुख्य कार्यालय अधीक्षक श्री रामकेश मीणा सहित अन्य पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे। उपस्थित सभी कर्मचारियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
---------------

