मुंबई, 17 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के बार्शी तहसील क्षेत्र में कुसलम्बा-लातूर रोड पर स्थित कुसलम्बा गांव के पास बुधवार सुबह सैर पर निकले दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बार्शी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुसलम्बा गांव के राजेंद्र एकनाथ शिंदे (59) और सोपान रामलिंग गाडेकर (70) सुबह सैर पर निकले थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक लाल रंग की कार के चालक ने दोनों को टक्कर मार दी और फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी के सहयोग से लाल रंग की कार का पता लगा लिया है और कार चालक इरफान चंदूलाल तंबोली के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
---------------

