वन महोत्सव में गोरखपुर में रोपे जाएंगे 55 लाख से अधिक पौधे
- DSS Admin
- Jun 30, 2026





गोरखपुर, 30 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पहली जुलाई से सात जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव के अंतर्गत गोरखपुर जिले में 55 लाख से अधिक पौधे रोपने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। इसे लेकर वन विभाग के संयोजन में तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए केवल वन विभाग ही नहीं, बल्कि शासन के कुल 27 विभाग एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पौधरोपण का सबसे बड़ा लक्ष्य वन विभाग के पास है।
गोरखपुर के प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के अनुसार गोरखपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक से सात जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाएगा। गोरखपुर वन प्रभाग की तरफ से सभी पौधशालाओं में गुणवत्तायुक्त पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। साथ ही पौधों के बेहतर विकास एवं उत्तरजीविता के लिए चिन्हित रोपण स्थलों पर एडवांस सॉयल वर्क के अंतर्गत गड्ढा खुदाई, टॉप सॉयल की व्यवस्था, पौधरोपण स्थलों का विकास, पौध संरक्षण हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं तथा अन्य तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली गई हैं।
वन महोत्सव की निर्धारित रूपरेखा के अनुसार एक से सात जुलाई तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन विषयगत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में राष्ट्रीय एवं ग्रामीण मार्गों के किनारे, ग्राम सभाओं, वन क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों तथा धार्मिक परिसरों में पाैधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विद्यालयाें एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। एक जुलाई को वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण किया जाएगा। वन महोत्सव सप्ताह के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाएगा। डीएफओ ने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है।
वन महोत्सव में हमेशा की तरह, इस बार भी सबसे बड़ा और प्रमुख लक्ष्य (19 लाख से अधिक) वन विभाग को सौंपा गया है। दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य ग्राम विकास विभाग के जिम्मे है। वन विभाग सहित 27 विभाग इस महोत्सव में सहभागिता दर्ज कराएंगे। सभी विभागों को अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किए गए हैं।
इन विभागों को मिला है एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य
विभाग लक्ष्य
वन विभाग 1937000
ग्राम विकास 1861000
कृषि विभाग 576000
उद्यान विभाग 285000
पर्यावरण विभाग 238000
पंचायती राज 202000
राजस्व विभाग 143000

