राष्ट्रपति मुर्मु 7-10 अप्रैल तक पुर्तगाल और स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 7-10 अप्रैल तक पुर्तगाल और स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति समकक्षों के साथ वार्ता करेंगी और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगी।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल ने सुषमा स्वराज भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की पुर्तगाल और स्लोवाकिया की आगामी यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की पुर्तगाल और स्लोवाकिया की दो महत्वपूर्ण ऐतिहासिक राजकीय यात्राएं होने वाली हैं। राष्ट्रपति की पुर्तगाल यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब हम दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे कर रहे हैं। किसी भारतीय राष्ट्रपति की पुर्तगाल की पिछली यात्रा को 27 वर्ष हो चुके हैं। यह एक बहुत ही प्रतीकात्मक और ऐतिहासिक यात्रा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर पुर्तगाल का दौरा करेंगी। डी सूसा ने 2020 में भारत का दौरा किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने 2017 में पुर्तगाल का दौरा किया था। पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय यात्राओं का आदान-प्रदान हुआ है। ऐसे समय में जब हम अपने राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे कर रहे हैं, यह यात्रा हमारी मित्रता को अगले स्तर पर ले जाएगी। भारत-पुर्तगाल संबंध भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मु 7-8 अप्रैल तक पुर्तगाल की यात्रा पर रहेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु पुर्तगाल के अपने समकक्ष मार्सेलो रेबेलो डी सूसा से मिलेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। वह पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो और नेशनल असेंबली (संसद) के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से भी मिलेंगी। भारतीय राष्ट्रपति की यह 27 वर्षों बाद पुर्तगाल यात्रा है। भारत और पुर्तगाल राजनयिक संबंधों की पुनः स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। पिछली राजकीय यात्रा 1998 में हुई थी। उस समय राष्ट्रपति केआर नारायणन पुर्तगाल गए थे।
मुर्मु 9-10 अप्रैल तक स्लोवाकिया की भी यात्रा करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु स्लोवाक की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष रिचर्ड रासी से भी मिलेंगी। यह 29 वर्षों के बाद भारतीय राष्ट्रपति की स्लोवाकिया की यात्रा होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार