यमुनानगर: जनता भाजपा से दुखी, कांग्रेस बना रही है शहर की सरकार: राजकुमार त्यागी

यमुनानगर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के शहरी संयोजक राजकुमार त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज यमुनानगर- जगाधरी नगर निगम चुनावों में महापौर पद की प्रत्याशी किरण बाला सहित नगर निगम के सभी 22 वार्डों के लिए कांग्रेस पार्षद के प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करवाया गया। जिसमें पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी सहित वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी साथ रहे।

सोमवार को राजकुमार त्यागी ने बताया कि जिला यमुनानगर में कांग्रेस मजबूती के साथ नगर निगम का चुनाव लड़ रही है। भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। जिसको जनता ने देखा कि कैसे संपत्ति पहचाना पत्र को लेकर आमजन को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े और परेशान होना पड़ा। भाजपा के महापौर ने नगर निगम को नरक निगम बना दिया। आज हर शहरवासी इनसे छुटकारा पाना चाहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनाव में महापौर सहित 22 वार्डों के पार्षद चुनाव जीतेगी।

कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी किरण बाला ने कहा कि आज जनता कांग्रेस की और टकटकी लगाए देख रही है। भाजपा के कुशासन से दुखी होकर विधानसभा चुनाव में भी जनता कांग्रेस को ला रही थी। लेकिन तोड़ी सी कसर बाकी रह गई, जो अब जनता निगम चुनाव में पूरी कर देगी। कांग्रेस के सढ़ौरा से पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी ने कहा कि जनता भाजपा के भ्रष्टाचार से दुखी है और बदलाव चाहती है। कांग्रेस के हर एक कार्यकर्ता में चुनाव को लेकर भारी उत्साह है और हम शहर की सरकार बनाने जा रहे है।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर