मेड इन इंडिया उत्पाद खरीद भारत की सांस्कृतिक पहचान को बनाएं सशक्त : रेखा आर्या

- कैबिनेट मंत्री बोलीं- धन्यवाद प्रकृति मुहिम से स्वच्छ, सुंदर व सर्वश्रेष्ठ बनेगा उत्तराखंड

- मंत्री आर्या ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के साथ सुनी प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’

देहरादून, 29 सितंबर (हि.स.)। राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने डोभावाला के वार्ड संख्या 10 के बूथ संख्या 66 पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनीं। इसके उपरांत मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हर माह की तरह इस माह भी प्रधानमंत्री मोदी का ये कार्यक्रम देश की विविधता और जनसामान्य के अभिनव प्रयासों को समेटे हुए था।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरकाशी के झाला गांव में गांववासियों की चलाई जा रही 'धन्यवाद प्रकृति' अभियान का अपने संबोधन में जिक्र किया। उन्होंने झाला गांव के निवासियों की सराहना करते हुए कहा कि झाला गांव में शुरू हुई यह बहुत ही अनुपम पहल है। इसके लिए गांव का प्रत्येक नागरिक सम्मान का अधिकारी है। मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के लोगों से झाला गांव से शुरू हुई धन्यवाद प्रकृति मुहिम से जुड़ने की अपील भी की। मंत्री ने कहा कि इस तरह के स्वच्छता कार्यक्रमों से जुड़कर प्रदेश का हर नागरिक प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना अहम योगदान दे सकता है और प्रदेश को स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ बना सकता है।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोकस जल संरक्षण और मेड इन इण्डिया जैसे विषयों पर रहा। मंत्री रेखा आर्या ने भी प्रदेश के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के इस सीजन में वो अधिक से अधिक मात्रा में मेड इन इण्डिया उत्पादों को खरीदें और भारत के कामगारों व भारत की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाएं। कार्यक्रम के उपरान्त मंत्री रेखा आर्या ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुदेश वर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि हमारे राज्य आंदोलनकारी हमारा आधार हैं और हम इनकी आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड के विकास के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

इस माैके पर मंत्री रेखा आर्या ने कई लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। इस माैके पर उन्हाेंने कहा कि अगर भारत को विकसित बनाना है तो भाजपा को मजबूत बनाना होगा। भाजपा तब मजबूत होगी जब बूथ मजबूत होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण

   

सम्बंधित खबर