आरबीएसई: वर्ष 2027 की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
राजस्थान बोर्ड ने 200 रुपये बढ़ाया परीक्षा शुल्क
अजमेर, 6 जुलाई(हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2027 की माध्यमिक 10वीं एवं उच्च माध्यमिक 12वीं परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 6 अगस्त तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे। इस वर्ष बोर्ड ने परीक्षा शुल्क में 200 रुपये की बढ़ोतरी की है।
बोर्ड सचिव के अनुसार, सामान्य परीक्षा शुल्क अब 850 रुपये निर्धारित किया गया है। पूर्व में यह शुल्क 650 रुपये था। 6 अगस्त के बाद आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को विलंब शुल्क के साथ आवेदन करना होगा। 7 से 12 अगस्त तक 1100 रुपये, 13 से 18 अगस्त तक 1350 रुपये, 19 से 24 अगस्त तक 1700 रुपये तथा 25 अगस्त से 1 सितंबर तक 2350 रुपये शुल्क देय होगा। बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षा शुल्क में भी 100 रुपये की वृद्धि करते हुए इसे प्रति विषय 200 रुपये कर दिया है।
यह शुल्क प्रत्येक प्रायोगिक विषय के लिए अलग से जमा करना होगा। विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों, दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग परीक्षार्थियों, युद्ध में वीरगति को प्राप्त अथवा दिव्यांग सैनिकों के पुत्र-पुत्रियों तथा पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को परीक्षा शुल्क से पूर्णतः छूट प्रदान की गई है। ऐसे अभ्यर्थियों को केवल 50 रुपये का टोकन शुल्क जमा कराना होगा।
बोर्ड ने परीक्षा आवेदन पत्रों में संशोधन की तिथि 7 से 17 नवंबर निर्धारित की है। साथ ही जिन विद्यालयों की उच्च माध्यमिक स्तर की संबद्धता संबंधी कार्रवाई लंबित है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा ऐसे विद्यालयों के विद्यार्थियों के आवेदन पत्र निरस्त किए जा सकते हैं।
---------------

