आसनसोल में स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप वितरण, अग्निमित्रा पाल ने छात्रों को बताया देश का भविष्य

पश्चिम बर्दवान, 27 मई (हि.स.)। आसनसोल के रामकृष्ण मिशन स्कूल के ऑडिटोरियम में बुधवार को “स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप” वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसनसोल दक्षिण की विधायक तथा राज्य की नगर विकास और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।

इस अवसर पर पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस पोन्नाबलम, बर्धमान रामकृष्ण मठ के अध्यक्ष स्वामी भूदेवानंदजी महाराज, आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सौमत्वानंदजी महाराज, बर्नपुर सेल आईएसपी के डीआईसी सुरजीत मिश्रा तथा आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी सहित कई प्रमुख व्यक्ति मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि नई पीढ़ी ही देश का भविष्य है और आज के छात्र-छात्राएं आने वाले समय में अपनी प्रतिभा के बल पर परिवार, राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सौमत्वानंदजी महाराज ने बताया कि इस अवसर पर 25 स्कूलों के 100 मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को “स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप” प्रदान की गई। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अग्निमित्रा पाल ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि राज्य में अब कानून का शासन स्थापित हुआ है और यदि कोई गलत कार्य करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

उन्होंने ईद के अवसर पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं दीं और सरकारी योजनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील की।

------------------------------

   

सम्बंधित खबर