राजस्थान में आज से गर्मी और लू से राहत के आसार, कई जिलों में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट

जयपुर, 29 मई (हि.स.)। राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को आज से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और यह सिस्टम एक जून तक सक्रिय रहेगा।

मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ सकती है और लू का असर कम होने के आसार हैं। गुरुवार को राजधानी जयपुर इस सीजन का सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, अलवर और चूरू के कई इलाकों में दोपहर बाद मौसम बदला और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा चूरू में 46.5, कोटा और पिलानी में 46.4, जैसलमेर, अलवर और फलोदी में 46, बीकानेर और फतेहपुर में 45.3, दौसा में 44.8 और करौली में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इन जिलों में सुबह से दोपहर तक तेज गर्म हवाएं चलीं और हीटवेव का असर बना रहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। वहीं पशु चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि बढ़ते तापमान का असर पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। डॉग्स और कैट्स में हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है, इसलिए उन्हें ठंडी जगह पर रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर