ड्यूटी से लौट रहे राजस्व कर्मचारी को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर
- DSS Admin
- May 17, 2026
सीवान, 17 मई (हि.स.)। सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोती छपरा पुल के समीप रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक राजस्व कर्मचारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पीछे से आकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
घायल की पहचान सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी असलम अंसारी के रूप में हुई है। वे खैरा थाना क्षेत्र निवासी मंजूर अंसारी के पुत्र बताए जाते हैं। वर्तमान में वे सहसरांव, बलहा और मोरा खास पंचायतों का कार्यभार संभाल रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को विभागीय कार्य से बुलाए जाने के बाद असलम अंसारी काम पूरा कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोती छपरा पुल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने पीछे से हमला बोल दिया। अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली उनके कंधे में जा लगी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सहाजितपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजस्व कर्मचारी को आनन-फानन में सदर अस्पताल छपरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष सूरज शर्मा ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, पेशागत विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
दिनदहाड़े सरकारी कर्मी पर हुए हमले ने जिले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------

