पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को लेकर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने खून से लिखा संदेश

कानपुर, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा अब तक स्थापित न किए जाने पर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने अपने रक्त से “मूर्ति कहां है और कब लगेगी ? लिखकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि कानपुर के महापुरुष का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। यह बातें रविवार को आर्यनगर से समाजवादी विधायक अमिताभ बाजपेई ने कही।

विधायक अमिताभ बाजपेयी आज माल रोड स्थित उस चबूतरे पर पहुंचे, जहां पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित होनी है। वह अपने संकल्प के तहत नंगे पैर और बिना शर्ट के वहां पहुंचे और अपने रक्त से संदेश लिखकर विरोध जताया।

उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए पूरा चबूतरा और शेड तैयार है लेकिन अब तक प्रतिमा नहीं लगाई गई। विधायक ने कहा कि यह केवल प्रतिमा का मामला नहीं, बल्कि कानपुर की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहर की पहचान का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि पं. गणेश शंकर विद्यार्थी ने देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी प्रतिमा को महीनों तक उसके स्थान से दूर रखना पूरे शहर का अपमान है।

अमिताभ बाजपेयी ने बताया कि वह पहले भी जिलाधिकारी से मिल चुके हैं। एडीएम सिटी द्वारा मौके का निरीक्षण भी किया गया था लेकिन इसके बावजूद प्रतिमा की स्थापना नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि पूर्व में नरोना चौराहा और माल रोड पर धरना-प्रदर्शन कर मेट्रो प्रशासन को पत्र सौंपा गया था, जिसमें एक माह के भीतर प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया गया था। अब तक केवल ढांचा तैयार हुआ है।

विधायक ने मांग की कि पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा तत्काल सम्मानपूर्वक स्थापित की जाए। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो तथा माल रोड स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम “पं. गणेश शंकर विद्यार्थी स्टेशन” रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई न होने पर जनता के सहयोग से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान नीरज सिंह, हरी ओम पांडे, पार्षद रजत बाजपेयी, चंकी गुप्ता, विकास गुप्ता, चेतन पांडे, आशीष पांडे, संस्कार खरे, हर्ष नागवंशी, प्रथम और आकाश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर