सड़क हादसे में भारत सेवाश्रम संघ के संन्यासी और सेवक की मौत

कोलकाता, 17 मार्च (हि. स.)।हावड़ा जिले के बागनान के पास सोमवार सुबह 6:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई एक सड़क दुर्घटना में भारत सेवाश्रम संघ के एक संन्यासी और एक सेवक की मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।

कोलकाता के बालीगंज स्थित भारत सेवाश्रम संघ के मुख्यालय ने पुष्टि की है कि इस हादसे में संघ के संन्यासी स्वामी शुभंकरानंद महाराज (55) और सेवक बसुदेव (60) की मृत्यु हो गई। वहीं, स्वामी अमरानंद महाराज गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जिला पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गाड़ी कोलकाता के गड़िया स्थित भारत सेवाश्रम संघ के एक आश्रम से पूर्व मेदिनीपुर के महिषादल की ओर जा रही थी। वाहन जैसे ही हावड़ा के बागनान इलाके में पहुंचा, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार विपरीत दिशा में जाकर एक बालू से भरी तेज रफ्तार लॉरी से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही संन्यासी और सेवक की मौत हो गई।

इस वाहन में मौजूद एक अन्य संन्यासी को सिर पर गंभीर चोट आई है, जिन्हें उलुबेरिया स्टेट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, चालक और कुछ अन्य सेवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने का काम जारी है।

भारत सेवाश्रम संघ से जुड़े लोगों और अनुयायियों में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाते हुए लोगों की जान को खतरे में डालने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर