भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित रहने के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
- DSS Admin
- May 23, 2026
अररिया 23 मई(हि.स.)। फारबिसगंज के रमई फीडर में पिछले दो दिनों से बिजली की आपूर्ति बाधित है। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को मधुबनी दुर्गा मंदिर के पास फारबिसगंज-खवासपुर-मुरबल्ला मुख्य सड़क मार्ग को घंटों जाम कर आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन किया।
बिजली अनापूर्ति के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच सड़क पर बांस बल्ले से घेराव कर दिया और टायर जलाकर आगजनी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान इस सड़क से आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के एसडीओ सहित ग्रामीण क्षेत्र के कनीय अभियंता को फोन किया, लेकिन उनलोगों ने फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझा। जिसके बाद ग्रामीण और भड़क गए।
बाद में फारबिसगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क को जाम से मुक्त कराया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में गर्मी के साथ ही बिजली आपूर्ति अनियमित रहती है,लेकिन पिछले तीस घंटे से अधिक समय से रमई फीडर में बिजली की आपूर्ति ठप है।मामले पर बिजली विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर कई बार शिकायत की गई। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी समस्या के निराकरण को लेकर कोई सकारात्मक पहल नहीं करते हैं। जिसके कारण विवश होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर सड़क जाम और आगजनी को विवश होना पड़ा।
मौके पर पहुंचे फारबिसगंज बीडीओ ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ अन्य वरीय अधिकारियों से बात कर पूरे मामले की जानकारी दी। बीडीओ ने ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति बहाल करने को लेकर अपनी ओर से सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

