आईएसपी के एस्टेट विभाग ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली तिमाही में 2.51 करोड़ रुपये का सर्वाधिक राजस्व संग्रह
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
पश्चिम बर्दवान, 03 जुलाई (हि. स.)। सेल-इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) के एस्टेट विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में राजस्व संग्रह का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग के एस्टेट-राजस्व अनुभाग ने अप्रैल से जून 2026 के दौरान कुल 2.51 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो विभाग के इतिहास में किसी भी प्रथम तिमाही का अब तक का सर्वाधिक संग्रह माना जा रहा है।
विभाग ने जून 2026 में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 1.15 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रह किया। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि सुनियोजित कार्यप्रणाली, लगातार निगरानी और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई का परिणाम है।
एस्टेट विभाग की इस सफलता में टाउनशिप क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान की अहम भूमिका रही।
अभियान के दौरान अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं अनधिकृत विद्युत और जलापूर्ति को भी बंद किया गया। इन कदमों से बकाया राशि की वसूली में तेजी आई और राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
आईएसपी प्रबंधन का कहना है कि एस्टेट-राजस्व अनुभाग की यह उपलब्धि न केवल राजस्व संग्रह के क्षेत्र में नया मानक स्थापित करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि प्रभावी प्रशासन, अनुशासित कार्यशैली और टीमवर्क के बल पर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी एस्टेट विभाग इसी कार्यकुशलता और उत्साह के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।
---------------

