जांजगीर-चांपा में एक साल से लापता युवक का नर कंकाल बरामद, इलाके में फैली सनसनी

जांजगीर-चांपा, 19 जून (हि. स.)। जिले के राहौद नगर पंचायत क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साल से लापता युवक का नर कंकाल बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार सुबह राहौद नगर पंचायत स्थित गुडफीड इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पीछे मौजूद एक डबरी के पास स्थानीय लोगों ने मानव कंकाल जैसी वस्तु देखी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कंकाल को अपने कब्जे में लिया।

जांच के दौरान कंकाल के पास मिले कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर मृतक की पहचान शिव कुमार यादव के रूप में की गई। परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर कपड़ों और व्यक्तिगत सामान की पहचान करते हुए मृतक की शिनाख्त की पुष्टि की।

बताया जा रहा है कि शिव कुमार यादव करीब एक वर्ष से लापता था। उसके पिता ने राहौद चौकी में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिजन भी चिंतित थे। अब कंकाल मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम और आवश्यक फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण से मौत होने की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद राहौद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ सके।

   

सम्बंधित खबर