पश्चिम बंगाल में कानून का राज स्थापित हुआ है, अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा : शमिक भट्टाचार्य

हुगली, 07 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को कहा कि राज्य में अब कानून का शासन है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कानून के शासन को स्थापित करने के लिए विशेष तत्परता के साथ काम कर रही है।

श्रीरामपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम बंगाल में बाबर का शासन नहीं, बल्कि भाजपा की सरकार है। यहां कानून का राज स्थापित हुआ है। अब शासकों का नहीं, कानून का शासन चलता है। राज्य सरकार पूरी सक्रियता और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

उन्होंने कहा कि 50 वर्ष पहले जिस तरह की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियां थीं, आज समय पूरी तरह बदल चुका है।

बारुईपुर की दूसरी घटना में कथित रूप से माकपा नेता नायक अली द्वारा उकसावे के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि अब राज्य में माकपा की सरकार नहीं है। जो भी व्यक्ति कानून हाथ में लेगा या इस तरह की गतिविधियों में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को दंड मिलेगा।

वहीं, माकपा नेता मीनाक्षी मुखर्जी की गाड़ी पर अंडे फेंके जाने की घटना की भी उन्होंने निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जिन्होंने यह किया है, उन्होंने गलत किया है और ऐसे कृत्यों का समर्थन नहीं किया जा सकता।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर