कठुआ में जनगणना 2027 की स्व-गणना शुरू, जागरूकता शिविरों के जरिए लोगों को किया जा रहा प्रेरित
- DSS Admin
- May 17, 2026

कठुआ, 17 मई । जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना चरण की शुरुआत के साथ ही जिला प्रशासन कठुआ ने पूरे जिले में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान 17 मई से 31 मई 2026 तक जम्मू-कश्मीर में चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए गए जहां अधिकारियों ने लोगों को डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। शिविरों में नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन जानकारी भरने की प्रक्रिया समझाई गई और जनगणना में सही व समय पर भागीदारी के महत्व पर जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
बसोहली के विधायक दर्शन कुमार, बनी के विधायक रमेश्वर सिंह, बिलावर के विधायक सतीश शर्मा और हीरानगर के विधायक विजय कुमार ने स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर लोगों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उपायुक्त कठुआ एवं प्रधान जनगणना अधिकारी राजेश शर्मा ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित समयावधि में स्व-गणना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक संबंधित अधिकारियों से सहायता ले सकते हैं। प्रशासन के अनुसार स्व-गणना से लोग सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपनी जानकारी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं, जिससे डेटा संग्रहण अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनता है।
---------------

