श्रीरामपुर में टोटो की बढ़ती संख्या पर विधायक भास्कर भट्टाचार्य की चेतावनी, जल्द बन सकती है नई व्यवस्था
- DSS Admin
- May 27, 2026
श्रीरामपुर, 27 मई (हि. स.)। श्रीरामपुर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने शहर में बढ़ती टोटो संख्या और उससे पैदा हो रही यातायात अव्यवस्था को लेकर बुधवार को टोटो मालिकों को कड़ा संदेश दिया। हिंदुस्थान समाचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि श्रीरामपुर में जरूरत से कहीं अधिक टोटो चल रहे हैं, जिससे आम लोगों को लगातार जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक के अनुसार, अनुमानित तौर पर श्रीरामपुर में इस समय करीब छह से सात हजार टोटो चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों और यातायात व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ रहा है और स्थिति अब नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।
भास्कर भट्टाचार्य ने टोटो मालिकों से सामने आकर यह स्पष्ट करने की अपील की कि किस व्यक्ति के पास कितने टोटो हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ प्रभावशाली लोगों और पार्षदों के पास भी 15 से 20 टोटो तक चल रहे हैं। विधायक ने कहा कि सभी को प्रशासन के सामने पारदर्शिता के साथ जानकारी देनी चाहिए और एक व्यवस्थित प्रणाली के तहत काम करना चाहिए।
उन्होंने सुरक्षा और जवाबदेही का मुद्दा भी उठाया। विधायक ने कहा कि यदि कोई टोटो दुर्घटना करता है या किसी व्यक्ति को चोट पहुंचाता है, तो अधिकतर मामलों में वाहन पर नंबर नहीं होने के कारण पीड़ित शिकायत दर्ज नहीं करा पाता और न ही मुआवजा मांग सकता है। उन्होंने इसे आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
भाजपा विधायक ने कहा कि प्रशासन अब इस समस्या को गंभीरता से देख रहा है और जल्द ही टोटो संचालन को लेकर नई व्यवस्था या नियम लागू किए जा सकते हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुधरे और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---------------

