चित्तरंजन में लाखों की चोरी के बाद पुलिस और नाइट गार्ड की भूमिका पर सवाल
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
पश्चिम बर्दवान, 07 जून (हि. स.)। जिले के चित्तरंजन रेलवे क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की घटना ने स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला दी है। चित्तरंजन के स्ट्रीट नंबर-35 स्थित रेलवे क्वार्टर निवासी राम प्रवेश मंडल ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने नाइट गार्ड और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
शिकायत के अनुसार, राम प्रवेश मंडल 25 मई को अपने परिवार के साथ देहरादून गए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी उन्होंने स्थानीय नाइट गार्ड ‘छोटू’ को सौंपी थी। आरोप है कि 29 और 30 मई की रात करीब 2:37 बजे उनके घर में चोरी की घटना हुई। उस समय पूरा परिवार घर से बाहर था।
पीड़ित का आरोप है कि नाइट गार्ड ने पहले पूरी रात घर की निगरानी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन चोरी के समय वह वहां मौजूद नहीं था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना से कुछ घंटे पहले नाइट गार्ड ने फोन कर उनके चित्तरंजन लौटने की जानकारी प्राप्त की थी।
राम प्रवेश मंडल के मुताबिक, चोरी की सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पड़ोसियों, आरपीएफ और चित्तरंजन थाने को सूचना दी। उनका दावा है कि आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की, जबकि स्थानीय पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर की नहीं रही।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चित्तरंजन थाने की पुलिस घटनास्थल से टूटा हुआ ताला अपने साथ ले गई, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी गई और न ही उन्हें अथवा उनके पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि टूटे हुए ताले पर संभावित फिंगरप्रिंट महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकते थे और बिना उचित प्रक्रिया के उसे हटाना जांच को प्रभावित कर सकता है।
राम प्रवेश मंडल ने अपनी शिकायत में कुछ व्यक्तियों पर संदेह भी जताया है, जिनमें नाइट गार्ड, एक कथित अनधिकृत दूध विक्रेता तथा एक रेलवे टिकट एजेंट शामिल हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी तक किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी या पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।
शिकायत के अनुसार, चोरी में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के तथा करीब 32 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वर्षों की बचत और बेटी के विवाह के लिए संजोए गए आभूषण इस घटना में चोरी हो गए, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से काफी प्रभावित हुआ है।
राम प्रवेश मंडल ने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------

