कई आरोपों में इंटक समर्थित ट्रेड यूनियन नेता गिरफ्तार

हुगली, 18 मई (हि. स.)। श्रीरामपुर में तोलाबाजी और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोपों में पुलिस ने इंटक समर्थित ट्रेड यूनियन के एक सचिव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्नब विश्वास ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपितों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की गई है।

मामला वर्ष 2024 का है। श्रीरामपुर के राजधरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 26 निवासी आकाश मंडल के पिता गोबिंद मंडल वेस्ट बंगाल को-ऑपरेटिव स्पिनिंग मिल में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद मिल प्रबंधन ने परिवार को मुआवजे के तौर पर 18 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। आरोप है कि मुआवजे की रकम दिलाने के नाम पर मिल के कुछ कर्मचारियों और तृणमूल समर्थित ट्रेड यूनियन नेताओं ने आकाश मंडल से छह लाख रुपए मांगे और अग्रिम 25 हजार रुपए दो किश्तों में लिए। बावजूद इसके अब तक पीड़ित परिवार को घोषित मुआवजा नहीं मिल सका।

पीड़ित आकाश मंडल ने पहले भी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सरकार बदलने के बाद उन्होंने दोबारा पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजधरपुर इलाके में छापेमारी कर ट्रेड यूनियन सचिव प्रवीर मंडल, पूर्व सचिव शेख रबियाल और मिल कर्मचारी प्रसेनजीत को गिरफ्तार किया।

डीसीपी अर्नब विश्वास ने बताया कि आरोपितों को श्रीरामपुर अदालत में पेश किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर