कमला नेहरू नगर सड़क दुर्घटना की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जयपुर जिले के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाईपास पर कमला नेहरू नगर में हुई भीषण सड़क दुर्घटना की विस्तृत जांच के लिए जिला प्रशासन ने सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। दुर्घटना में तेज रफ्तार ट्रेलर द्वारा फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के पांच लोगों को कुचल दिए जाने की घटना की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।
जिला कलेक्टर संदेश नायक द्वारा जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर-दक्षिण), जयपुर को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात-दक्षिण), जयपुर सदस्य सचिव होंगे। समिति में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जयपुर प्रथम, अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जयपुर ग्रामीण वृत्त, कार्यकारी निदेशक (प्रशासन), राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, जयपुर, परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), जयपुर तथा विशेषाधिकारी, जयपुर सिटी परिवहन सेवा लिमिटेड को सदस्य बनाया गया है।
जांच समिति को दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने, दुर्घटना के बाद विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई का परीक्षण करने, राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान आई कठिनाइयों का आकलन करने तथा भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलक्टर ने समिति को निर्देशित किया है कि वह सभी पहलुओं की जांच कर अपनी सुझाव सहित विस्तृत रिपोर्ट पांच कार्यदिवस के भीतर प्रस्तुत करे।
---------------

