मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, उग्रवादी संगठनों के कई कैडर गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
इंफाल, 07 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य के विभिन्न जिलों में संयुक्त अभियान चलाकर बीते 24 घंटे में कई उग्रवादी संगठनों के सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण तथा विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस ने आज बताया कि सोमवार को मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित यूएनएलएफ (पी) के सक्रिय सदस्य और कथित रंगदारी वसूलने वाले मोइरांगथेम नाओबा मैतेई (32) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक थॉम्पसन रिपीटर सिंगल बैरल बंदूक, उसका लाइसेंस तथा दो बाओफेंग हैंडहेल्ड वायरलेस सेट और उनके चार्जर बरामद किए गए।
इसी दिन कांगपोकपी जिले के चिरू गांव में क्षेत्र प्रभुत्व एवं पैदल गश्त के दौरान सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध आईईडी तथा चार स्थानीय रूप से निर्मित मोर्टार शेल बरामद किए।
चुराचांदपुर जिले के पी. गेलजांग स्थित एमवीसीपी से सुरक्षा बलों ने केएनएफ (एमसी) के दो किशोर सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5.56 मिमी के 77 जीवित कारतूस बरामद हुए।
उधर, सेनापति जिले के महिला थाना में दर्ज एक मामले में मणिपुर पुलिस ने माराम बाजार निवासी के. लकीसन पुंडी (33) को उसके घर से गिरफ्तार किया।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने 05 जुलाई को एनआरएफएम के सक्रिय सदस्य और कथित रंगदारी वसूलने वाले सोरोक्हाइबाम पारी सिंह उर्फ इबुंगो (27) को इम्फाल पूर्व जिले से गिरफ्तार किया। वह पांगेई क्षेत्र में एक मकान पर फायरिंग कर रंगदारी वसूलने के प्रयास के मामले में वांछित था।
इसी दिन एक अन्य अभियान में यूआरएफ के सक्रिय सदस्य मोहम्मद इमरान खान उर्फ कार्बाइन (29) को इम्फाल पूर्व जिले के खुरई नंदेइबाम लैकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
-----------

