
-ब्रह्माकुमारी कार्यक्रम में सम्मिलित
होकर आत्मिक शांति की होती अनुभूति: विधायक कादियान
सोनीपत, 16 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान
के भीनमाल से वरिष्ठ राजयोगिनी गीता दीदी ने कहा कि शिव हमें श्रेष्ठ ज्ञान और राजयोग
के माध्यम से दिव्यता से भरपूर जीवन दे रहे हैं। सकारात्मक सोच की शक्ति मनुष्य को
निडर और मजबूत बनाती है। इससे हर कार्य में सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि हमें अपने
अंदर की सभी बुराइयों, कमजोरियों और अवगुणों को परमात्मा शिव पर अर्पित कर सच्ची शिव
जयंती मनानी चाहिए।
रविवार
को अनाज मंडी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, गन्नौर केंद्र की
ओर से आयोजित 89वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव में वे मुख्य वक्ता के रूप में बोल
रही थीं। गीता दीदी ने कहा कि परमपिता परमात्मा शिव, जिन्हें भोलेनाथ भी कहा जाता है,
इतने दयालु हैं कि वे हमसे कोई वस्तु या वैभव नहीं लेते। वे हमारे अंदर की कड़वाहट,
बुराइयां और कमजोरियां लेकर हमें सुख, शांति और वैभव का जीवन प्रदान करते हैं। इसी
कारण महाशिवरात्रि पर शिवलिंग पर कड़वे फल और फूल अर्पित किए जाते हैं। लेकिन परमात्मा
को इन चीजों की आवश्यकता नहीं, उन्हें केवल हमारा सच्चा और साफ मन चाहिए।
कार्यक्रम
में मुख्य अतिथि के रूप में हलका विधायक देवेंद्र कादियान ने शिरकत की। दीप प्रज्ज्वलन
कर शिव बाबा का झंडा फहराया गया। नपा चेयरमैन अरुण त्यागी, पूर्व प्रधान ईश्वर कश्यप,
दिनेश अदलखा, विश्व कल्याण सरोवर डायरेक्टर मुरथल सतीश भाई, रामदेवी दीदी, रिटायर्ड
इंस्पेक्टर इंद्रपाल कुंडू और पूर्व पार्षद अंकित मल्होत्रा मौजूद रहे। अतिथियों का
स्वागत ब्रह्माकुमारी सेंटर गन्नौर की संचालिका बीके अर्चना ने बुके देकर किया।
बीके
अर्चना दीदी ने कहा कि आज के दिन सभी को अपने जीवन की कोई एक बुराई, अवगुण या नकारात्मक
विचार परमात्मा को अर्पित कर उससे सदा के लिए मुक्त हो जाना चाहिए। विधायक देवेंद्र
कादियान ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान पूरे विश्व में नि:स्वार्थ भाव से सेवा कर
रहा है। यह बहुत अच्छा कार्य है। शहर में ऐसे कार्यक्रम निरंतर होते रहने चाहिए। इसमें
शामिल होकर आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को ईश्वरीय
सौगात देकर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना