शूटिंग वर्ल्ड कप : मनु भाकर और सम्राट राणा का रजत निशाना, भारत पदक तालिका में दूसरे स्थान पर
- DSS Admin
- May 30, 2026
म्यूनिख/नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर और उभरते शूटर सम्राट राणा ने जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा का रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और सफलता डाली। फाइनल में भारतीय जोड़ी बेहद करीबी मुकाबले में चीन के विश्व नंबर-1 और मौजूदा विश्व चैंपियन याओ कियानशुन-हू काई से मात्र 0.3 अंक से पीछे रह गई।
इस रजत पदक के साथ भारत ने प्रतियोगिता का समापन दो स्वर्ण और दो रजत पदकों के साथ किया तथा पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा। चीन चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर रहा।
फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन दूसरे और तीसरे चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने वापसी की और चीनी जोड़ी को कड़ी टक्कर दी। एक समय भारतीय टीम ने 2.2 अंकों की बढ़त भी बना ली थी, लेकिन अंतिम चरण में चीन ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मनु भाकर ने निर्णायक क्षणों में कई बेहतरीन शॉट लगाए, जबकि सम्राट राणा ने भी दबाव में शानदार संयम दिखाया। हालांकि अंतिम कुछ शॉट्स में मामूली चूक के कारण भारतीय जोड़ी स्वर्ण पदक से चूक गई, लेकिन उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।
इससे पहले, क्वालिफिकेशन दौर में भारत की दूसरी जोड़ी सुरुचि सिंह और श्रवण कुमार 575-20x के संयुक्त स्कोर के साथ दसवें स्थान पर रही और पदक दौर में जगह नहीं बना सकी।
राइफल स्पर्धा में निराशा
मिक्स्ड टीम राइफल स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज पदक मुकाबले तक नहीं पहुंच सके। एलावेनिल वलारिवन और अर्जुन बाबूता की जोड़ी 630.0 अंकों के साथ 14वें स्थान पर रही, जबकि आर्य बोरसे और साहू तुषार माने 629.6 अंकों के साथ 16वें स्थान पर रहे।
भारत का शानदार अभियान
म्यूनिख वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल किए। यह प्रदर्शन आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और बड़े आयोजनों से पहले भारतीय शूटिंग दल के आत्मविश्वास को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
----------------------

