डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह 27 मई को

जयपुर, 23 मई (हि.स.)। डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह 27 मई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेम चंद बैरवा मौजूद रहेंगे।

विश्वविद्यालय की कुलगुरु निष्ठा जसवाल ने बताया कि समारोह में विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक नीरज जैन के अनुसार समारोह में 9 स्वर्ण पदक और 25 हजार 258 विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की जाएंगी। इनमें 16 हजार 748 छात्र और 8 हजार 510 छात्राएं शामिल हैं। समारोह के दौरान सभी डिग्रियों को डिजीलॉकर पर अपलोड करने की प्रक्रिया का शुभारंभ भी किया जाएगा। विश्वविद्यालय द्वारा जारी उपाधियां ब्लॉकचेन तकनीक और 24 अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों से लैस होंगी, जिससे डिग्रियों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ संभव नहीं होगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर